कौशांबी में बार बालाओं का डांस देख रहे दो सिपाही लाइन हाजिर, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
हब्बूनगर मेले के डांस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। सीओ सत्येंद्र तिवारी ने दो सिपाहियों पर कार्रवाई की पुष्टि की, वीडियो में दिख रहे दरोगा की भूमिका की जांच जारी।
कौशांबी, 17 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद कौशांबी के कड़ाधाम थाना क्षेत्र की हब्बूनगर चौकी से जुड़े पुलिसकर्मियों का डांस देखते हुए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। मामले में दोनों सिपाहियों राघवेंद्र सिंह व सिपाही गोविंद कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी ने इसकी पुष्टि की है।
बुधवार को हब्बूनगर में मेले का आयोजन किया गया था। दिन में दंगल हुआ, जबकि रात में डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में वर्दी पहने एक दरोगा और दो पुलिसकर्मी मंच के पास बैठे दिखाई दे रहे हैं। मंच पर डांस चल रहा है और अश्लील गानों पर प्रस्तुति दिए जाने का दावा किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों का वीडियो बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। कुछ लोगों ने वीडियो को कौशांबी पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी साझा किया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में मामला चर्चा में आ गया। अधिकारियों ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच कराई। सर्किल अफसर सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि मामले में दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वीडियो में दिखाई दे रहे दरोगा की भूमिका और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।