कानपुर में ड्यूटी से घर लौट रहे गार्ड को लोडर ने मारी टक्कर, 65 वर्षीय गंगाधारी की मौत

दादा नगर फैक्ट्री एरिया में पीछे से आए तेज रफ्तार लोडर ने कुचला, हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार; CCTV से तलाश जारी

कानपुर में ड्यूटी से घर लौट रहे गार्ड को लोडर ने मारी टक्कर, 65 वर्षीय गंगाधारी की मौत

कानपुर, 08 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दादा नगर फैक्ट्री एरिया में बुधवार देर रात तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से पैदल घर लौट रहे गार्ड की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक लोडर समेत मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी।

काकादेव थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर निवासी गंगाधारी (65) दादा नगर की एक फैक्ट्री में गार्ड थे। रात को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह पैदल घर जा रहे थे। दादा नगर फैक्ट्री एरिया में पहुंचने पर पीछे से आए तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने लोडर चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन लेकर वहां से फरार हो गया। गंगाधारी के पास मिले मोबाइल फोन से राहगीरों ने उनके परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बेटा गौतम मौके पर पहुंचा और उन्हें निजी अस्पताल लेकर गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गंगाधारी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। गोविंद नगर पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौतम ने बताया कि वह निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता है। उसके पिता परिवार का मुख्य सहारा थे। उसकी मां शांति देवी की वर्ष 2016 में मौत हो चुकी है। उसकी दो बहनें हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। पिता की मौत से परिवार में मातम पसरा है।

गोविंद नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि हादसे के बाद लोडर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर लोडर की पहचान कर चालक की तलाश की जा रही है।