देवरिया में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की प्रदर्शनी, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी बोले- विकसित भारत में नागरिकों की भागीदारी जरूरी

विकास भवन में लगी प्रदर्शनी में केंद्र और यूपी सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी, 10 अक्टूबर तक चलेगी प्रदर्शनी

देवरिया में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की प्रदर्शनी, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी बोले- विकसित भारत में नागरिकों की भागीदारी जरूरी

देवरिया, 08 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ के तहत सूचना विभाग की ओर से जनपद देवरिया में विकास भवन परिसर में तीन प्रदर्शनी लगाई गई। इसका आज शुभारंभ सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने फीता काटकर किया तथा सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के दौरान देश के विकास के लिए किए गए कार्यों के साथ ही विकसित भारत के भविष्य का भी स्पष्ट विजन देश के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, एयरपोर्ट विस्तार, कानून-व्यवस्था में सुधार, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी), स्वयं सहायता समूह, ड्रोन सब्सिडी, कुसुम योजना एवं ई-नाम मंडी सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है। इसके अलावा काशी, अयोध्या एवं प्रयागराज में धार्मिक पर्यटन के विकास, स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना जैसी उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्रदान करने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

आज से प्रारंभ यह प्रदर्शनी 9 एवं 10 अक्टूबर को भी रहेगा और इसमें अधिक से अधिक लोगों से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की गई।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, डीसी वीबी जी राम जी आलोक पांडेय, उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी, अपर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, ओंकार पांडेय, अंबिकेश पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।