अयोध्या में रंगमंच पर दिखेगी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा-साधना की कहानी

अयोध्या में 131 स्थानों पर होगा ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन

अयोध्या में  रंगमंच पर दिखेगी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा-साधना की कहानी

अयोध्या, 20 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनप्रतिनिधि के रूप में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महानगर में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत महानगर क्षेत्र के 31 स्थानों पर नाट्य प्रस्तुतियां की जाएंगी। जिला ईकाई द्वारा 100 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होगा।

रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री के जनप्रतिनिधि के रूप में सेवा-संकल्प-साधना की यात्रा, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल तक के प्रमुख प्रसंगों को संवाद, अभिनय और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

रुदौली के विधायक रामचन्दर यादव ने कहा कि नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बीकापुर के विधायक अमित सिंह चौहान ने कहा कि रंगमंच के माध्यम से प्रस्तुत किए जाने वाले प्रसंग लोगों के लिए अधिक सहज और प्रभावी होंगे। ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के जरिए सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया जाएगा।

भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि नाट्य मंचन के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विषयों को आम लोगों के बीच रखने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा अयोध्या जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि कला और रंगमंच के माध्यम से किसी सार्वजनिक जीवन की लंबी यात्रा को संवाद और अभिनय के जरिए लोगों तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।कार्यक्रम के महानगर के सहसंयोजक हरभजन गौड़ और विपिन सिंह बब्लू बनाए गए हैं। प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री शिवम सिंह, गन्ना चेयर मैन दीपेन्द्र सिंह, अमित मिश्र, सुशील मिश्र सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

महानगर के इन स्थानों पर आयोजित होंगे नुक्कड नाटक

महानगर में प्रस्तावित नाट्य मंचन रामकथा पार्क, लता चौक, राम की पैड़ी, छोटी देवकाली, राजसदन के सामने, बृहस्पति कुंड, अशर्फी भवन चौराहा, रामघाट चौराहा, विद्याकुंड चौराहा, चूड़ामणि चौराहा, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, दर्शननगर चौराहा, अचारी का सगरा, हनुमतनगर, एयरपोर्ट तिराहा, ओवरब्रिज देवकाली, नाका तिराहा, बेनीगंज चौराहा, आंख अस्पताल तिराहा, पूरा बाजार, बिल्हरघाट तिराहा, रिकाबगंज चौराहा, पुलिस लाइन तिराहा, रेलवे स्टेशन कैंट, चौक, नियावां चौराहा, गुप्तारघाट, सहादतगंज बाईपास, करमा चौराहा, रसूलाबाद तिराहा और गंगौली चौराहा पर किए जाएंगे। नाटक को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से तैयार किया गया है, जिससे प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों को दर्शकों तक पहुंचाया जा सके।