गंगा में डूबने से युवक की मौत, दोस्त की बची जान
गंगा में डूबने से युवक की मौत, दोस्त की बची जान
कानपुर, 04 जुलाई । ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत परमट स्थित कमलेश्वर घाट पर शनिवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ नहा रहा दोस्त नाविकों की सतर्कता से बचा लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया और करीब डेढ़ घंटे बाद युवक का शव बरामद किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।
उन्नाव के दही थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी पंकज रावत (22) अपने दोस्त अनुज कुशवाहा के साथ श्री आनंदेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद कमलेश्वर घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए। दोनों को डूबता देख घाट पर मौजूद नाविक तुरंत स्टीमर लेकर पहुंचे।
नाविकों ने अनुज को लाइफ सेविंग जैकेट की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पंकज पानी में लापता हो गया। सूचना मिलने पर ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों के साथ तलाश अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद पंकज का शव गंगा से बरामद कर लिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घाट पर पहुंच गए। बेटे का शव देखते ही पिता दुर्गा प्रसाद बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी रो-रोकर बेहाल हो गए। पंकज परिवार का बड़ा बेटा था और एक टेलीकॉम कंपनी में सिम पोर्टिंग का काम करता था। उसकी मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
अनुज ने पुलिस को बताया कि दोनों तैरकर गंगा पार स्थित अमरूद के बाग की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए, जिससे यह हादसा हो गया।
ग्वालटोली थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। गोताखोरों की मदद से युवक का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।