मप्र के मुख्यमंत्री से मिले यूपी के सीएम योगी, भोपाल के प्राकृतिक सौंदर्य को सराहा

- योगी ने सीएम हाउस से भोपाल की बड़ी झील की सांध्यकालीन अनुपम छटा को निहारा

मप्र के मुख्यमंत्री से मिले यूपी के सीएम योगी, भोपाल के प्राकृतिक सौंदर्य को सराहा



भोपाल, 14 फरवरी (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार देर शाम भोपाल प्रवास के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीएम हाउस कार्यालय समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीएम योगी का पुष्प-गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने उप्र के मख्यमंत्री का अंगवस्त्रम ओढ़ाकर व राजाभोज की प्रतिमा भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निवास कार्यालय कक्ष से यूपी मुख्यमंत्री योगी ने भोपाल की बड़ी झील (भोजताल) की सांध्यकालीन अनुपम छटा को तन्मयता से निहारा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल की पहचान बड़ी झील सदियों पुरानी है। यहां के तत्कालीन शासकों ने उच्च तकनीक का इस्तेमाल कर इसे जल संग्रहण के लिए निर्मित कराया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने भोपाल के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने मध्य प्रदेश में होने वाले सिंहस्थ की चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें अवगत कराया कि वर्ष 2028 में उज्जैन शहर में सिंहस्थ का भव्य आयोजन होगा। सिहंस्थ आयोजन के प्रबंधों को और अधिक बेहतर बनाने के लिए वर्तमान में प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के लिए हमने मध्य प्रदेश से अधिकारियों का दल भी प्रयागराज भेजा है।

बतादें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के छोटो बेटे कुणाल सिंह की शादी में शामिल होने के लिए भोपाल आए हैं। कुणाल की शादी शुक्रवार की रात भोपाल के डॉक्टर इंद्रमल जैन की पोती और संदीप जैन की बेटी रिद्धि से नीलबड़ इलाके में वाना ग्रीन होटल में हो रही है। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी इस शादी में शामिल हुए हैं।

उप राष्ट्रपति धनखड़ का मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया स्वागत

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार की शाम भोपाल पहुंचे। यहां राजाभोज विमानतल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनकी अगवानी की। उन्होंने उप राष्ट्रपति को अंगवस्त्रम् ओढ़ाकर स्वागत अभिनंदन किया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी उप राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, खेल मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वीडी शर्मा, महापौर मालती राय, मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

उप राष्ट्रपति को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी विदाई

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह के बेटे कुणाल की शादी में शामिल होने के बा उप राष्ट्रपति जगदीप धनकड़ विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार की रात्रि पुराने एयरपोर्ट पर उप राष्ट्रपति धनखड़ को प्रतीक चिन्ह भेंटकर भावभीनी विदाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उप राष्ट्रपति के भोपाल आगमन पर आभार माना। इस मौके पर विधायक रामेश्वर शर्मा, मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।