वाराणसी में सुगम यातायात के लिए शाम को सड़कों पर उतरे पुलिस कमिश्नर, वाहनों की चेकिंग

—प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच

वाराणसी में सुगम यातायात के लिए शाम को सड़कों पर उतरे पुलिस कमिश्नर, वाहनों की चेकिंग

वाराणसी, 07 मई । उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में सुगम यातायात व्यवस्था और अपराध पर रोकथाम के लिए गुरूवार शाम पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट मोहित अग्रवाल फोर्स के साथ सड़क पर उतर आए। अभियान में पुलिस कमिश्नर ने शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर गश्त की।

इस दौरान पुलिस अफसर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग भी करते रहे। चेकिंग में बिना नम्बर प्लेट संचालित वाहनों, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों, काली फिल्म लगे वाहनों, रांग साइड वाहन चलाने वालों तथा लापरवाहीपूर्वक एवं तेज गति से वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाही की गई। ऐसे 1082 वाहनों का चालान काट 142 वाहनों को सीज किया गया। काली फिल्म लगे वाहनों की जांच करते हुए 31 वाहनों से काली फिल्म उतरवायी गई ।

अभियान के दौरान पुलिस कमिश्नर ने बताया कि चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम करना, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा। संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस कमिश्नर ने पहड़िया एवं छावनी क्षेत्र स्थित जेएचवी मॉल के आसपास चल रही चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस कमिश्नर ने नवागत आरक्षियों को प्रशिक्षण स्वरूप आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उन्होंने आरक्षियों को बताया कि किस प्रकार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी एवं सुरक्षित तरीके से चेकिंग की जाए, किन बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा चेकिंग के दौरान व्यवहार, सुरक्षा एवं कानून सम्मत कार्यवाही का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चेकिंग के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से शालीन व्यवहार रखते हुए सतर्कता एवं पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।