सीएसए में छात्रों का शैक्षिक भ्रमण, वैज्ञानिक तथ्यों से हुए रूबरू

सीएसए में छात्रों का शैक्षिक भ्रमण, वैज्ञानिक तथ्यों से हुए रूबरू

सीएसए में छात्रों का शैक्षिक भ्रमण, वैज्ञानिक तथ्यों से हुए रूबरू

कानपुर, 16 फरवरी। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान योजना के तहत जनपद कानपुर देहात के विकास खंड झींझक के विभिन्न उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विज्ञान विषय में विशेष रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं का चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर में शैक्षिक भ्रमण कराया गया। खंड शिक्षा अधिकारी शैलेश द्विवेदी ने सोमवार को बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

भ्रमण के दौरान बच्चों ने विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला, विद्यार्थी प्रशिक्षण प्रक्षेत्र, मृदा विज्ञान प्रयोगशाला, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय, कीट विज्ञान एवं पादप रोग विज्ञान विभाग की कक्षाओं व प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। कृषि वैज्ञानिकों व शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबंधित विषयों की व्यावहारिक जानकारी देते हुए कृषि एवं विज्ञान के महत्व को समझाया।

राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक छात्र को जूट बैग में बिस्किट, पानी की बोतल, चिप्स, नोटपैड व पेन उपलब्ध कराए गए। मध्याह्न में बच्चों व साथ आए शिक्षकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने स्थलों की उपयोगिता पर जानकारी दी। विश्वविद्यालय के गेस्ट फैकल्टी डॉ. राजीव कुमार सिंह एवं डॉ. विनीत धीर ने बच्चों को विभागों का भ्रमण कराते हुए नवीन वैज्ञानिक तथ्यों से अवगत कराया।

एआरपी अरविंद कुमार सिंह चौहान ने बताया कि शैक्षिक भ्रमण से बच्चों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, टीम भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होता है। भ्रमण में शामिल बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रत्येक स्थल का अवलोकन किया और सीखी गई जानकारियों को नोट कर शैक्षिक रिपोर्ट तैयार करने का संकल्प लिया।