आईआईटी कानपुर की जूनियर टेक्नीशियन युवती ने लगाई फांसी, माैत
आईआईटी कानपुर की जूनियर टेक्नीशियन युवती ने लगाई फांसी, माैत
कानपुर, 14 फरवरी । उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में जूनियर टेक्नीशियन के पद पर तैनात युवती शनिवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर मृतका के परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मूल रूप से झारखंड के जादूगोडा की रहने वाली अंजू कुमारी (26) आईआईटी कानपुर में जूनियर टेक्नीशियन के पद पर बीते तीन सालों से तैनात थी। आज जब वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो साथी कर्मियों ने उसे आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर अनहोनी हाेने की आशंका पर पुलिस काे सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़कर कमरे में देखा तो युवती का शव पंखे के कुंडे से झूल रहा था।
उन्होंने बताया कि मृतका अंजू की शादी उड़ीसा के पावर हाउस में तैनात पंकज से तय हुई थी। कुछ दिनों बाद दोनों की सगाई भी होनी थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बात भी हो रही थी। शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि किसी बात को लेकर परिवार में अनबन हुई, जिसकी वजह से आज अंजू ने यह कदम उठाया है।
फॉरेंसिक टीम ने जब घटना स्थल का जायजा लिया तो मौके से उन्हें एक डायरी प्राप्त हुई है। जिसमे मृतका अपनी दिनचर्या लिखा करती थी। इसके अलावा अन्य साक्ष्य जैसे मोबाइल और कुछ डायरी के फटे हुए पन्ने भी मिले हैं। जिन्हे जांच में शामिल किया गया है।