अमेठी में ट्रेन पर पथराव कर मैनेजर को घायल करने के मामले में दो गिरफ्तार
अमेठी में ट्रेन पर पथराव कर मैनेजर को घायल करने के मामले में दो गिरफ्तार
अमेठी, 25 अक्टूबर। अमेठी रेलवे स्टेशन के आउटर पर बीते दिनाें दशहरे की शाम गुजर रही वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव कर ट्रेन मैनेजर को घायल करने के मामले में जीआरपी प्रतापगढ़ ने रविवार काे दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दाेनाें आराेपित अमेठी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रायदेपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम अमित कुमार सिंह ने बताया कि 20 अक्टूबर दशहरे की शाम काे ट्रेन संख्या 24203 वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस वाराणसी से लखनऊ जा रही थी। इसी दौरान अमेठी रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर पर अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। इस पथराव में ट्रेन मैनेजर हरिकेश कुमार घायल हो गए थे। घटना के संबंध में जीआरपी प्रतापगढ़ थाने में रेलवे अधिनियम की धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी प्रभारी चंचल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए आज प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन के वाराणसी छोर से दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया।
रेलवे उपाधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान अनुभव सरोज (19) पुत्र मुरली सरोज और गणेश सरोज (20) पुत्र श्यामलाल,निवासी
रायदेपुर, थाना कोतवाली अमेठी के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।