सीएसजेएमयू में चार दिवसीय सम्भागीय नाट्य समारोह का शुभारम्भ
सीएसजेएमयू में चार दिवसीय सम्भागीय नाट्य समारोह का शुभारम्भ
कानपुर, 16 फरवरी । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर के यूआईईटी के लेक्चर हॉल-1 में सोमवार से चार दिवसीय ‘सम्भागीय नाट्य समारोह’ का शुभारम्भ हुआ। आयोजन उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ एवं विश्वविद्यालय की स्वामी हरिदास संगीत एवं नाट्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रंगमंच कलाकार अश्वनी कांत श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि रतन राठौर एवं प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर प्रति कुलपति ने कहा कि रंगमंच की कार्यशालाओं से विश्वविद्यालय में संचालित फिल्ममेकिंग कोर्स की गुणवत्ता में सुधार आएगा। उन्होंने कानपुर के सांस्कृतिक वैभव की चर्चा करते हुए युवाओं से स्क्रिप्ट लेखन में आगे आने की अपील की।
समारोह के पहले दिन पाली भूपिंदर सिंह द्वारा लिखित एवं प्रवीण कुमार अरोड़ा द्वारा निर्देशित नाटक ‘तुम्हें कौन सा रंग पसंद है’ का मंचन किया गया। दूसरे दिन मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कृति ‘नशा’ का मंचन कौशाम्बी की ‘इंडियन आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी’ द्वारा किया जाएगा। 18 फरवरी को लखनऊ के ‘यायावर रंगमंडल’ का नाटक ‘हाय हैंडसम’ तथा 19 फरवरी को प्रयागराज की संस्था ‘माध्यम’ का नाटक ‘किराये का मकान’ प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम का मंच संचालन कांची त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर डॉ. राज कुमार त्रिपाठी, डॉ. शोभित कुमार नाहर, प्रशांत यादव, डॉ. मीत कमल, सुंदरम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।