मृतक राजेश निषाद के परिवार से मिली पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता
--हर सम्भव मदद का दिया आश्वासन, पीड़ित परिवार ने सुरक्षा, सहयोग और न्याय की मांग की
प्रयागराज, 16 फ़रवरी । योगी सरकार में अपराधियों की खैर नहीं है। जो भी अपराध करेगा उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह बातें सोमवार को प्रयागराज नैनी क्षेत्र के मड़ौका गांव के मृतक राजेश कुमार निषाद के परिवार से मिलने के बाद पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने कही।
उन्होंने नैनी थानाध्यक्ष से घटना एवं कार्रवाई के सम्बंध में बात की। जिस पर थानाध्यक्ष ने पीएम रिपोर्ट केस डायरी के साथ पुलिस अधिकारियों को भेजे जाने एवं फरार चल रहे आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की बात कही। इस दौरान मृतक युवक के परिवारजनों ने सुरक्षा के साथ ही सहयोग और न्याय की गुहार लगाई। पूर्व महापौर को अपनी पीड़ा बताते हुए पुलिस द्वारा पूर्ण सहयोग न किए जाने, अभी तक पीएम रिपोर्ट न दिए जाने की बात कही। घटना को अंजाम देने वाले एवं फरार चल रहे अपराधियों से सुरक्षा मुहैया कराए जाने के साथ ही परिवार की आजीविका के लिए सहयोग की मांग की। जिस पर पूर्व महापौर ने हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सोमवार को प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने मड़ौका गांव में जाकर मृतक राजेश कुमार निषाद के परिवारजनों से मुलाकात की तो उनकी मां ननकी देवी, पत्नी संगीता निषाद एवं भाई शेखर निषाद ने न्याय की गुहार लगाई। कहा कि बहुत ही निर्मम तरीके से लोहे की सरिया से राजेश कुमार निषाद की हत्या की गई। परिवार की आजीविका का एक मात्र सहारा राजेश की हत्या के बाद पूरा परिवार बिखर गया है। परिवार में मां, भाई एवं पत्नी के अलावा राजेश कुमार निषाद के तीन बच्चे एवं दो बहने हैं। जिनका पालन पोषण अब कैसे होगा।