एसजीपीजीआई में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए साइक्लोथॉन का आयोजन
एसजीपीजीआई में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए साइक्लोथॉन का आयोजन
लखनऊ, 16 मई । वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की बचत में योगदान देने के लिए संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के परिसर के भीतर कम दूरी के आवागमन के लिए मोटर चालित वाहनों के उपयोग को कम करने की पहल वहां के चिकित्सकों ने की है। शनिवार सुबह निदेशक कार्यालय, प्रशासनिक ब्लॉक से एक "प्रतीकात्मक साइक्लोथॉन" का आयोजन किया गया।
रैली पुरानी ओपीडी से होते हुए संस्थान के गेट नंबर 2, ईएमआरटीसी, एडवांस्ड डायबिटिक सेंटर, पीएमएसएसवाई से गुजरी और वापस प्रशासनिक ब्लॉक में समाप्त हुई। संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर आर. के. धीमन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र गुप्ता, डीन डॉ. शालीन कुमार, नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. नारायण प्रसाद, एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. संजय धीराज, एंडोक्राइन सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. गौरव अग्रवाल सहित अन्य संकाय सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी इस साइकिल रैली में शामिल हुए।
एसजीपीजीआई के निदेशक पदमश्री प्रोफेसर आरके धीमान ने इस अवसर पर कहा कि यह कदम परिसर के वातावरण को बेहतर बनाने, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों के बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने में भी सहायक होगा। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भारत के सभी नागरिकों से पेट्रोलियम उत्पादों का सावधानीपूर्वक और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की गयी है। ताकि पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट के मद्देनजर पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके। उनके उपयोग को यथासंभव कम किया जा सके। निदेशक ने कहा कि सभी को दैनिक यात्रा के लिए यथासंभव सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देनी चाहिए।