घर के पास पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला युवक का शव
घर के पास पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला युवक का शव
प्रयागराज, 25 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित थरवई थाना क्षेत्र के हेतापट्टी गांव में सोमवार को घर से कुछ दूर स्थित एक पेड़ से फंदे के सहारे युवक का शव लटका मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सोमवार सुबह थरवई थाने को सूचना मिली कि हेतापट्टी गांव निवासी संतोष कुमार यादव (22) पुत्र राम सिंह यादव का शव घर से लगभग सौ मीटर दूर स्थित एक पेड़ से फंदे के सहारे लटका है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस टीम माैके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
घटना के संबंध में परिवार से मिली जानकारी में बताया गया कि मृतक संतोष कुमार यादव दो भाइयों में छोटा था। वह इलेक्ट्रेशियन का काम करता था। रविवार की शाम वह घर से निकला और वापस नहीं लाैटा। आज सुबह उसका शव पेड़ से लटका पाया गया। परिवार के लोगों को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि उसके शरीर कोई जाहिराना चोट नहीं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।