सम्मानजनक अंतिम संस्कार की दिशा में एक और सशक्त कदम : गणेश केसरवानी
नगर निगम प्रयागराज की जनसेवा को नई गति : महापौर
प्रयागराज, 28 अप्रैल। नगर निगम का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को हर स्तर पर सम्मानजनक सेवाएं प्रदान करना है। यह बातें मंगलवार को फाफामऊ घाट के निकट द्वितीय विद्युत शवदाह गृह का लोकार्पण के मौके पर प्रयागराज महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि इस विद्युत शवदाह गृह के निर्माण से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी अधिक सुगम, तेज और व्यवस्थित हो सकेगी।
नगर निगम प्रयागराज द्वारा शहर के नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 1 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से निर्मित फाफामऊ घाट के निकट द्वितीय विद्युत शवदाह गृह का लोकार्पण महापौर गणेश केसरवानी द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अरविंद राय, मुख्य अभियंता (विद्युत) संजय कटियार, अधिशासी अभियंता आर. के. लाल, अवर अभियंता दीपक राय तथा फील्ड इंस्पेक्टर संदीप कुमार सहित नगर निगम के कई अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों में पार्षदगण—निशा गुप्ता, सुरेंद्र यादव, भोला तिवारी, श्याम गुप्ता, अरुण सिंह चौहान, सचिन जायसवाल, सुनील कुशवाहा, मंचों केसरवानी, हिमालय सोनकर एवं शिव नारायण श्रीवास्तव ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से फाफामऊ क्षेत्र के लोगों को अब दूर-दराज के स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
फाफामऊ घाट पर स्थापित यह आधुनिक विद्युत शवदाह गृह नवीन तकनीक से सुसज्जित है, जो कम समय में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को पूर्ण करने में सक्षम है तथा पारंपरिक लकड़ी आधारित प्रणाली की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल भी है।
नगर निगम प्रयागराज द्वारा किए जा रहे ऐसे कार्य यह दर्शाते हैं कि शहर को स्मार्ट, स्वच्छ और संवेदनशील नगर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास लगातार जारी हैं।