दिल्ली के विवेक विहार में चारमंजिला रिहायशी इमारत बनी लाक्षागृह, नौ लोगों की मौत

दिल्ली के विवेक विहार में चारमंजिला रिहायशी इमारत बनी लाक्षागृह, नौ लोगों की मौत

दिल्ली के विवेक विहार में चारमंजिला रिहायशी इमारत बनी लाक्षागृह, नौ लोगों की मौत

नई दिल्ली, 03 मई । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विवेक विहार में आज तड़के चारमंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। दो लोग मामूली रूप से झुलस गए हैं। उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, तड़के करीब 3:48 बजे विवेक विहार थाना को एक पीसीआर कॉल के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। पुलिस और दमकल विभाग के अलावा अन्य टीमें तत्काल घटनास्थल (विवेक विहार फेज-1 स्थित मकान नंबर बी-13) पर पहुंचे।दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर ऊंची लपटें उठ रही थीं। दमकलकर्मियों और पुलिस ने संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए आग में फंसे करीब 10-15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

आग पर नियंत्रण के लिए 12 दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। इसमें घंटों का वक्त लगा। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। सूत्राें का कहना है कि एसी में विस्फोट होने कारण आग लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि भवन की सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी इंतजाम और निर्माण मानकों की भी जांच की जाएगी।

दमकल विभाग के प्रवक्ता एके मलिक के अनुसार, इस हादसे में मरने वालों की संख्या नौ हो गई है। आग इमारत के छह फ्लैटों में रखे घरेलू सामान से फैली। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान विभिन्न मंजिलों से नौ झुलसे शव बरामद किए गए। सभी शव दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम को सौंपे गए हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग इमारत के छह फ्लैटों में फैली। पहली मंजिल से एक शव, दूसरी मंजिल से पांच शव तथा सीढ़ियों के ऊपर बनी लॉक मुमटी से तीन शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार मुमटी बंद थी। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग धुएं और आग से बचने के लिए वहां पहुंचे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके।

दमकल विभाग ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों पर भी पड़ताल की जा रही है। दमकल विभाग यह भी जांच करेगा कि इमारत में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और कहीं सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं की गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा किया जाएगा।