वाराणसी में ₹57.70 करोड़ की जल निकासी परियोजना शुरू, बिरदोपुर में बिछेगी 20.50 किमी सीवर लाइन
जलभराव की समस्या को लेकर विधायक सौरभ श्रीवास्तव के खिलाफ नारेबाजी के बाद परियोजना का शुभारंभ; घरों को सीवर कनेक्शन देने की योजना।
वाराणसी, 20 सितम्बर। वाराणसी में जलभराव की समस्या पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव के विरुद्ध नारेबाजी की घटना के बाद रविवार को बिरदोपुर वार्ड में 57.70 करोड़ की लागत से जल निकासी परियोजना का विधायक सौरभ ने शुभारम्भ किया।
जल निकासी परियोजना के शुभारम्भ के अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से बिरदोपुर वार्ड में आधुनिक सीवर व्यवस्था विकसित की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत बिरदोपुर वार्ड में 20.50 कि.मी. नई सीवर लाइन डाली जाएगी। साथ ही सभी घरों को सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। काशी की बहुत पुरानी समस्या के स्थाई समाधान के लिए काशी के सांसद और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री एके शर्मा के प्रति हृदय से आभार है।
परियोजना शुभारम्भ के अवसर पर महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि काशी की जनता जलभराव की समस्या से पीड़ित अब नहीं रहेगी। यह परियोजना से लाखों संख्या की आबादी को तत्काल लाभ मिलेगा। लोगों को गंदे पानी से निकलकर अपने घरों में नहीं जाना पड़ेगा।