विधायक पूजा पाल से साइबर ठगी मामले की जांच शुरू, ₹1.55 लाख के लेनदेन की पड़ताल में जुटी टीमें
चायल विधायक की तहरीर पर धूमनगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ IT एक्ट की धारा 66D में प्राथमिकी दर्ज; साइबर सेल और साइबर अपराध शाखा कर रही जांच
प्रयागराज, 20 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चायल विधायक पूजा पाल की तहरीर पर उनके बैंक खाते से करीब 1.55 लाख रुपये निकाले जाने के मामले में धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और साइबर अपराध शाखा की टीम को जांच में लगाया है। प्राथमिकी सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66डी के तहत अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई है।
विधायक पूजा पाल की ओर से पुलिस को दी तहरीर में बताया गया है कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच उनके बैंक खाते से फोन-पे/यूपीआई के माध्यम से कई बार में करीब 1,55,000 रुपये की धनराशि अनधिकृत रूप से निकाले जाने की जानकारी मिली। उन्होंने मोबाइल फोन में अनाधिकृत प्रवेश और व्यक्तिगत एवं महत्वपूर्ण डाटा के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है। पुलिस अबतक मामले में सामने आए सभी लेनदेन, यूटीआर और ट्रांजेक्शन आईडी की जांच कर रही है।
खातों और डिजिटल लेनदेन की गहन जांच जारी
एसीपी धूमनगंज रविकुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल और साइबर अपराध शाखा की टीम के सहयोग से जांच की जा रही है। किन-किन खातों के माध्यम से धनराशि का लेनदेन किया गया, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुख्ता साक्ष्य और प्रमाण मिलने के बाद अपराध में संलिप्त व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी ने बताया कि विधायक पूजा पाल ने तहरीर में जो भी आशंकाएं व्यक्त की हैं, जांच में उन सभी आशंकाओं को भी शामिल किया गया है। पुलिस संबंधित मोबाइल, यूपीआई, बैंकिंग लेनदेन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस के मुताबिक जांच का उद्देश्य अनधिकृत लेनदेन के स्रोत तक पहुंचना और साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करना है। साइबर टीम डिजिटल साक्ष्यों के साथ बैंकिंग लेनदेन की कड़ियों को भी खंगाल रही है। मामले में ठोस साक्ष्य मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।