UPPSC APO भर्ती को बड़ा झटका: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम किया रद्द, नई मेरिट लिस्ट बनाने का आदेश
आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को ओपन मेरिट में शामिल करने के विवाद पर हाईकोर्ट का फैसला; आयोग को संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा कराने का निर्देश।
प्रयागराज, 25 नवंबर । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) भर्ती परीक्षा से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय से बड़ा फैसला सामने आया है। अदालत ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की एपीओ
प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट 30 अप्रैल 2026 को रद्द कर दिया है और आयोग को निर्देश दिया है कि वह नियमों के अनुसार नई मेरिट लिस्ट तैयार करे। उच्च न्यायालय ने फिर से आयोग को प्रारंभिक परीक्षा की नई मेरिट लिस्ट बनाने का निर्देश दिया है। यही नहीं उच्च न्यायालय ने आयोग को प्रारंभिक परीक्षा के संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा आयोजित करने के दिए निर्देश दिए हैं। इस फैसले के बाद भर्ती प्रक्रिया की अगली कड़ियों और चयन को लेकर नई स्थिति बन गई है। यह आदेश जस्टिस मनीष कुमार निगम ने पंकज वर्मा व 2 अन्य की तरफ से दाखिल याचिका पर पारित किया है।
क्या है पूरा विवाद और उच्च न्यायालय का रुख ?
यह मामला सहायक अभियोजन अधिकारी भर्ती से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं की ओर से यह तर्क रखा गया था कि आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों ने बिना किसी अतिरिक्त छूट का लाभ लिए सामान्य वर्ग की कटऑफ के बराबर या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें ओपन मेरिट यानी सामान्य श्रेणी में शामिल किया जाना चाहिए।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि ऐसे उम्मीदवारों को अनारक्षित श्रेणी में शामिल न करना समानता के सिद्धांत और भर्ती के नियमों के अनुरूप नहीं है। सुनवाई के बाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट को रद्द करते हुए आयोग को नई मेरिट लिस्ट बनाने का आदेश दिया।
कब हुई थी परीक्षा और कितने थे उम्मीदवार ?
यूपीपीएससी की ओर से सहायक अभियोजन अधिकारी के 182 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 22 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 30 अप्रैल 2026 को प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया था, जिसमें कुल 50,795 उपस्थित अभ्यर्थियों में से 2,856 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा केवल स्क्रीनिंग के लिए होती है और इसके मार्क्स फाइनल मेरिट में नहीं जुड़ते।
अब उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आयोग को नई मेरिट लिस्ट तैयार करनी होगी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।