यूपी की विरासत और अनदेखे पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने वाले बाइकर्स सम्मानित
यूपी की विरासत और अनदेखे पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने वाले बाइकर्स सम्मानित
लखनऊ, 20 नवंबर । उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने के लिए निकले बाइकर्स का सम्मान किया गया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से ऐतिहासिक छतर मंजिल में 'द राइडिंग चैप्टर्स' का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन विभाग के 'विजिट माय स्टेट' अभियान के तहत निकाली गई दो सफल हेरिटेज एवं एडवेंचर राइड्स के समापन का प्रतीक रहा। दोनों संस्करणों में 150 से अधिक बाइकर्स ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) के एमडी आशीष कुमार ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से शुक्रवार काे बताया गया कि यह विजिट माय स्टेट' अभियान के तहत अगस्त में 'द राइडिंग चैप्टर्स' के दोनों संस्करणों का आयोजन किया गया था। इन राइड्स का उद्देश्य प्रदेश के ऐतिहासिक किलों, प्राकृतिक स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और अल्पज्ञात पर्यटन गंतव्यों को विशिष्ट पहचान दिलाना रहा। इसके तहत बाइकर्स के दलों ने प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर सफर कर वहां की विविध पर्यटन संभावनाओं को सामने रखा। साथ ही एडवेंचर टूरिज्म को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया।
बाइक राइड बनी विरासत से रूबरू होने का जरिया
राइडर गरिमा कपूर ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि 'यह महज बाइक राइड नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की छिपी हुई विरासत को करीब से जानने का सफर था। चुनार किले से लेकर खूबसूरत राजदरी और देवदरी जलप्रपात तक की यात्रा यादगार रही। वहीं, प्रतिभागी सौरभ मिश्रा ने राइड के दौरान की गई व्यवस्थाओं और बाइकर्स को मिले आतिथ्य की सराहना की। उन्होंने पूरी राइड नि:शुल्क आयोजित किए जाने को भी खास बताया।'
बाइकर्स के जज्बे को सलाम
समारोह में प्रतिभागी राइडिंग क्लबों और बाइकर्स को उनके उत्साह, साहसिक भागीदारी और प्रदेश को उभरते हुए एडवेंचर एवं हेरिटेज टूरिज्म गंतव्य के रूप में प्रचारित करने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। ऐतिहासिक छतर मंजिल में आयोजन के माध्यम से लखनऊ सहित प्रदेश की स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया गया।
'द राइडिंग चैप्टर्स' से खुलीं पर्यटन की नई राहें- अमृत अभिजात
अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि 'द राइडिंग चैप्टर्स' की सफलता ने उत्तर प्रदेश में पर्यटन की नई संभावनाओं को सामने लाने का काम किया है। इस पहल के माध्यम से प्रदेश के ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों को व्यापक पहचान मिली है। ऐसे आयोजनों से न केवल नए पर्यटन गंतव्यों का प्रचार-प्रसार होता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिलता है। प्रदेश में पर्यटन विकास को गति देने के लिए इस तरह की पहल महत्वपूर्ण हैं। हमारा प्रयास है कि उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों के रूप में स्थापित करने के साथ ही यहां की विरासत और अनदेखे स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए।