स्नातक चुनाव 2027 का सेमीफाइनल, कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटें : स्वतंत्र देव सिंह
मतदाता सम्मेलन से 23 अक्टूबर को मतदान तक चैन से न बैठें कार्यकर्ता, घर-घर संपर्क कर मतदान बढ़ाने पर दें जोर
प्रयागराज, 14 अक्टूबर। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन का चुनाव वर्ष 2027 का सेमीफाइनल है। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता अभी से रणनीति बनाकर नियमित संपर्क अभियान चलाएं। उक्त बातें बुधवार को स्नातक मतदाता सम्मेलन की बैठक में प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहीं।
उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के प्रयास से इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट भाजपा की झोली में आएगी।
गुरुवार, 15 अक्टूबर को गवर्नमेंट प्रेस मैदान में होने वाले स्नातक मतदाता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुधवार को प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, एमएलसी अनूप गुप्ता, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष एवं स्नातक चुनाव के सह संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इसमें प्रयागराज महानगर, गंगापार और यमुनापार से बड़ी संख्या में स्नातक मतदाताओं के शामिल होने की संभावना है। स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदान केंद्रों पर सक्रियता बढ़ाएं और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखें। अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए अभी से पूरी कार्ययोजना तैयार कर लें।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के साथ ही मतदान तक संगठन को पूरी सक्रियता से काम करना होगा। हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाए और मतदाताओं तक पहुंचे।
भाजपा जिला मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक और निरीक्षण के दौरान प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, शशि वार्ष्णेय, आनंद सोनकर, वंदना सिंह, प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, चंद्रा अहलुवालिया, डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत भदौरिया, राजेंद्र मिश्र, अनिल केसरवानी झल्लर, विजय श्रीवास्तव, दीप द्विवेदी, विश्वास श्रीवास्तव, पार्षद प्रवीण भारतीय, मोहित गुप्ता और सुजीत कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।