सरदार पटेल जयंती पर यूपी के सभी जिलों में आयोजन करेगी सपा, प्रयागराज में मुंडेरा में होगा मुख्य कार्यक्रम
सरदार पटेल जयंती पर यूपी के सभी जिलों में आयोजन करेगी सपा, प्रयागराज में मुंडेरा में होगा मुख्य कार्यक्रम
प्रयागराज, 30 अक्टूबर । समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को सपा महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने दी।
उन्होंने बताया कि सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी बनाया गया है। प्रयागराज में सरदार पटेल जयंती का मुख्य कार्यक्रम मुंडेरा स्थित हरिश्चंद्र वाटिका गेस्ट हाउस में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए रानीगंज के विधायक डॉ. आर.के. वर्मा को प्रभारी बनाया गया है। कार्यक्रम में जिले की तीनों पार्टी इकाइयों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने बताया कि आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रदेश स्तर पर कार्यक्रमों की जिम्मेदारी अलग-अलग नेताओं को सौंपी गई है। प्रयागराज के पूर्व सांसद धर्मराज पटेल को प्रतापगढ़, विधायक संदीप पटेल को मऊ, शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह पटेल को महोबा, प्रदेश कार्यकारिणी के सचिव दूधनाथ पटेल को सोनभद्र और विशेष आमंत्रित सदस्य शांतिप्रकाश पटेल को भदोही का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पार्टी का उद्देश्य सरदार पटेल के विचारों और देश की एकता एवं अखंडता में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है।