उत्तर मध्य रेलवे की कविता पाठ प्रतियोगिता में नियाज अहमद प्रथम, रेलकर्मियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

राजभाषा पखवाड़े के तहत आयोजित प्रतियोगिता में जितेंद्र कुमार द्विवेदी दूसरे और यतीश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। 30 सितंबर को विजेताओं को महाप्रबंधक करेंगे सम्मानित।

उत्तर मध्य रेलवे की कविता पाठ प्रतियोगिता में नियाज अहमद प्रथम, रेलकर्मियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

प्रयागराज, 21 सितंबर । हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज में आयोजित राजभाषा पखवाड़े के तहत स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में रेलकर्मियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। महाप्रबंधक कार्यालय के साथ मंडलों और कारखानों के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, समसामयिक और सामाजिक विषयों पर गीत, गजल और कविताओं का प्रभावी पाठ किया।

प्रतियोगिता में वैगन मरम्मत कारखाना, झांसी के वरिष्ठ तकनीशियन नियाज अहमद ने प्रथम, प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ लेखाकार जितेंद्र कुमार द्विवेदी ने द्वितीय और वैगन मरम्मत कारखाना, झांसी के तकनीशियन तृतीय यतीश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों द्वारा चुने गए विषयों और उनकी प्रस्तुति की सराहना की। प्रतियोगिता का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पांडेय ने किया।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने कहा कि कविता में नए प्रयोग और समय के अनुरूप भाषा का प्रयोग होना चाहिए। कविता ऐसी होनी चाहिए जिसे पढ़ने और सुनने के बीच अधिक अंतर न रहे। दोहे और अन्य काव्य विधाओं में कम शब्दों में प्रभावी ढंग से बड़ी बात कही जा सकती है।

उन्होंने कहा कि समसामयिक विषयों को भी कविता का हिस्सा बनाकर उनके समाधान की दिशा में विचार प्रस्तुत किए जाने चाहिए। डॉ. शर्मा ने काव्य पाठ करने वाले रेलकर्मियों की प्रतिभा की सराहना की।

मुख्य सामग्री प्रबंधक/विक्रय विवेक वर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में रेलकर्मियों की काव्य प्रतिभा और साहित्य के प्रति रुचि सामने आई है। उन्होंने कहा कि रेलवे में कई प्रतिभाशाली कवि और साहित्यकार हैं, जिनमें बेहतर रचनाशीलता की संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजनों से राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार को बढ़ावा मिलता है।

राजभाषा पखवाड़े के तहत आयोजित टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में अर्जुन कुमार प्रथम, राम बिहारी द्वितीय और आकृति बरनवाल तृतीय रहीं। हिंदी निबंध प्रतियोगिता में विनीता पांडेय प्रथम, दीपक सक्सेना द्वितीय और राजेंद्र सिंह तृतीय रहे। हिंदी टंकण प्रतियोगिता में अमरजीत सिंह प्रथम, राहुल वर्मा द्वितीय तथा सौरभ पटेल वर्मा तृतीय रहे। सभी विजेताओं को 30 सितंबर को राजभाषा पखवाड़े के मुख्य समारोह में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह पुरस्कृत करेंगे।

मुख्यालय में 14 सितंबर से चल रहे राजभाषा पखवाड़े के तहत 22 सितंबर को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें विजेता प्रतिभागियों को तत्काल नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।