चंपत राय बोले—गौ माता की रक्षा पर्यावरण और कृषि के लिए भी जरूरी
झूंसी स्थित विहिप गोधाम में गौ अभिषेक कार्यक्रम में हुए शामिल; अशोक सिंघल जन्मशती वर्ष में संगठन विस्तार और सामाजिक समरसता पर दिया जोर।
प्रयागराज, 21 सितंबर । गौ माता के संरक्षण से धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण और कृषि की भी रक्षा होती है। मानव जीवन के लिए गौ माता का संरक्षण आवश्यक है। इसके लिए समाज को आगे आकर संकल्प लेना चाहिए।
यह बात विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने सोमवार को झूंसी स्थित विहिप गोधाम में आयोजित गौ अभिषेक कार्यक्रम में कही। गोधाम में प्रत्येक सोमवार को होने वाले गौ अभिषेक कार्यक्रम में चंपत राय शामिल हुए और विधि-विधान से गौ अभिषेक किया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में गौ माता के प्रत्येक अंग में देवी-देवताओं का वास माना गया है। पाप और संताप से मुक्ति, पुण्य तथा सात्विकता की प्राप्ति के लिए गौ सेवा और गौ अभिषेक की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इसका उल्लेख पुराणों और महाभारत काल में भी मिलता है।
चंपत राय ने कहा कि गौ माता की रक्षा का संकल्प सभी को लेना चाहिए। आज के समय में पर्यावरण संरक्षण और कृषि व्यवस्था के लिए भी गौ संरक्षण महत्वपूर्ण है। विश्व हिंदू परिषद की ओर से गौ रक्षा के लिए समय-समय पर विभिन्न अभियान और कार्यक्रम चलाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूज्य अशोक सिंघल की जन्मशती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संगठन ने इस वर्ष को संगठन विस्तार, हिंदू समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए समर्पित किया है।
चंपत राय ने कहा कि अशोक सिंघल ने जीवनभर संगठन के कार्यों के साथ संत समाज को एकजुट करने, हिंदू समाज के शौर्य के प्रकटीकरण, आस्था के मानबिंदुओं की रक्षा, सनातन ज्ञान परंपरा, वैदिक शिक्षा और सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। उन्होंने वेद पाठशालाओं के विकास और आदिवासी एवं वनवासी क्षेत्रों में हिंदू समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए। उन्होंने अशोक सिंघल को हिंदू पुनर्जागरण का प्रमुख व्यक्तित्व बताया। गौ अभिषेक का पूजन आचार्य आद्याशंकर मिश्र ने संपन्न कराया। कार्यक्रम में संगठन मंत्री राजेंद्र, प्रांत अध्यक्ष कवींद्र प्रताप सिंह, प्रांत मंत्री डॉ. राज नारायण, उपाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख आद्याशंकर मिश्र, भूपेंद्र सिंह, आशुतोष श्रीवास्तव, विभाग संगठन मंत्री आलोक प्रताप, सत्येंद्रमणि शुक्ला, लवलेश बजरंगी, सुरेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------