प्रयागराज में रेलवे मुख्यालय की छत पर स्वच्छता अभियान, 500 किलो कचरा एकत्र कर किया गया निस्तारण

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के तहत उत्तर मध्य रेलवे के यांत्रिक विभाग ने किया श्रमदान; अनिल कुमार द्विवेदी ने स्वच्छता को दैनिक कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाने की अपील की।

प्रयागराज में रेलवे मुख्यालय की छत पर स्वच्छता अभियान, 500 किलो कचरा एकत्र कर किया गया निस्तारण

प्रयागराज, 19 सितंबर स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के तहत उत्तर मध्य रेलवे के यांत्रिक विभाग की ओर से शनिवार को यांत्रिक मुख्यालय भवन की छत और आसपास के क्षेत्र में विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने किया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक कार्य-संस्कृति और जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

श्रमदान के दौरान यांत्रिक मुख्यालय की छत और आसपास जमा कचरे की सफाई की गई। अभियान में करीब 500 किलोग्राम अपशिष्ट एकत्र किया गया, जिसका नियमानुसार निस्तारण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ श्रमदान कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यस्थल तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए।

कार्यक्रम में मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर (माल ढुलाई) सूरज प्रकाश, मुख्य कारखाना इंजीनियर राकेश गौतम, मुख्य मोटिव पावर इंजीनियर/डीजल आरके जाटव, मुख्य पर्यावरण एवं गृहव्यवस्था प्रबंधक मनीष कुमार, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/योजना एवं फ्रेट मो. सैफ सहित यांत्रिक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

उत्तर मध्य रेलवे जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित श्रमदान कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थलों में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। ऐसे कार्यक्रमों से कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है और स्वच्छ एवं बेहतर कार्य वातावरण बनाने में सहयोग मिलता है।