दुर्गा पूजा-दिवाली-छठ पर रेलवे की बड़ी राहत, 9 स्पेशल ट्रेनों के बढ़े फेरे; सूबेदारगंज से चलेगी एक ट्रेन
दुर्गा पूजा-दिवाली-छठ पर रेलवे की बड़ी राहत, 9 स्पेशल ट्रेनों के बढ़े फेरे; सूबेदारगंज से चलेगी एक ट्रेन
प्रयागराज, 15 सितंबर। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने नौ विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार किया है। इन ट्रेनों का संचालन उनके निर्धारित समय, मार्ग, ठहराव और कोच संरचना के अनुसार किया जाएगा। ट्रेनों के अतिरिक्त फेरों से बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों के बीच यात्रियों की आवाजाही आसान होगी।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल स्पेशल (05557/05558) के 10-10 फेरे बढ़ाए गए हैं। 05557 रक्सौल से प्रत्येक मंगलवार को 22 सितंबर से 24 नवंबर तक और 05558 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक गुरुवार को 24 सितंबर से 26 नवंबर तक चलेगी। दोनों ट्रेनों में 22 एलएचबी कोच होंगे।
हडपसर और मुंबई के लिए भी अतिरिक्त फेरे
मुजफ्फरपुर-हडपसर-मुजफ्फरपुर स्पेशल (05589एवं 05590) के भी 10-10 फेरे निर्धारित किए गए हैं। 05589 मुजफ्फरपुर से प्रत्येक मंगलवार को 22 सितंबर से 24 नवंबर तक और 05590 हडपसर से प्रत्येक गुरुवार को 24 सितंबर से 26 नवंबर तक चलेगी। इसमें 22 एलएचबी कोच होंगे।
सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सहरसा स्पेशल (05585एवं05586) के 11-11 फेरे चलेंगे। सहरसा से यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को 18 सितंबर से 27 नवंबर तक और लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक रविवार को 20 सितंबर से 29 नवंबर तक चलेगी।
दानापुर-आनंद विहार टर्मिनस-दानापुर स्पेशल (03257 एवं 03258) के 12-12 फेरे निर्धारित किए गए हैं। 03257 दानापुर से प्रत्येक रविवार को 13 सितंबर से 29 नवंबर तक और 03258 आनंद विहार टर्मिनस से प्रत्येक सोमवार को 14 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगी।
गुजरात से बिहार के लिए भी सुविधा
अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल (09465/09466) के पांच-पांच फेरे होंगे। 09465 अहमदाबाद से 16, 23 और 30 अक्टूबर तथा 6 और 13 नवंबर को चलेगी। वापसी में 09466 दरभंगा से 19 और 26 अक्टूबर तथा 2, 9 और 16 नवंबर को संचालित होगी। उधना-झंझारपुर-उधना स्पेशल (09047/09048) और उधना-मधुबनी-उधना स्पेशल (09045/09046) के सितंबर में दो-दो फेरे होंगे। दोनों दिशाओं में ये ट्रेनें 20, 21, 27 और 28 सितंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेंगी।
उधना-हसनपुर रोड-उधना स्पेशल (09031/09032) के भी दो-दो फेरे होंगे। 09031 उधना से 20 और 27 सितंबर को तथा 09032 हसनपुर रोड से 22 और 29 सितंबर को चलेगी। परिचालनिक कारणों से इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज के स्थान पर सूबेदारगंज स्टेशन पर होगा। 09031 सूबेदारगंज में सोमवार को सुबह 10:30 बजे पहुंचेगी और 10:35 बजे रवाना होगी। 09032 मंगलवार को शाम 5:20 बजे पहुंचेगी और 5:25 बजे रवाना होगी।
इसके अलावा उधना-मधुबनी-उधना स्पेशल (09151/09152) के भी अतिरिक्त फेरे होंगे। 09151 उधना से 16, 18, 23, 25 और 30 सितंबर को चलेगी, जबकि 09152 मधुबनी से 18, 20, 25 और 27 सितंबर को संचालित होगी।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे लगातार अतिरिक्त ट्रेनों और फेरों की व्यवस्था कर रहा है। यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की समय-सारणी और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस ऐप पर अवश्य जांच लेनी चाहिए।
---------------