मांगें नहीं मानीं तो जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन होगा: डॉ. मानसिंह यादव

मांगें नहीं मानीं तो जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन होगा: डॉ. मानसिंह यादव

मांगें नहीं मानीं तो जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन होगा: डॉ. मानसिंह यादव

प्रयागराज, 29 अक्टूबर  पुरानी नियमावली के अनुसार भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे प्रतियोगी छात्रों की मांगें जायज हैं। सरकार हठधर्मिता छोड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करे। मांगें नहीं मानी गईं तो जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन होगा।

यह बातें गुरुवार को इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र के नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कही। दोनों नेता गुरुवार को प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय के मुख्य द्वार पर कई दिनों से धरना दे रहे प्रतियोगी छात्रों के बीच पहुंचे और उनके आंदोलन को समर्थन दिया।



नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि जीत का प्रमाणपत्र हासिल करने के बाद वह सीधे आंदोलनरत छात्रों के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जीत की माला पहनने के बजाय छात्रों के संघर्ष में उनके साथ पसीना बहाना अधिक उचित समझा। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर शिक्षा, शिक्षक, छात्र, नौजवान और बेरोजगार विरोधी होने का आरोप लगाया। डॉ. यादव ने कहा कि सरकार की नीतियों से आम आदमी की मुश्किलें बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रतियोगी छात्रों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए वह हर संभव संघर्ष में उनके साथ खड़े रहेंगे। साथ ही अपनी जीत में सहयोग देने के लिए छात्रों और नौजवानों के प्रति आभार जताया।

छात्रों के बीच एकजुटता बनाए रखने की अपील

धरना दे रहे प्रतियोगी छात्रों के दो गुटों में बंटने के सवाल पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा की नीति फूट डालो और राज करो की रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समस्या का समाधान करने के बजाय लोगों को बांटने का काम कर रही है। उनके अनुसार, सरकार खुद देश के लिए समस्या बन चुकी है।

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, पार्टी प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, रविंद्र यादव एडवोकेट, तारिक सईद अज्जू, जगदीश यादव, सचिन श्रीवास्तव, जीत राज हेला और दिलीप सोनी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।