संविधान दिवस पर मायावती बोलीं—आंबेडकर का सपना पूरा करने के लिए सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करना जरूरी
बसपा प्रमुख ने बहुजन समाज से एकजुट होने की अपील की; कहा—सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं
लखनऊ, 26 नवंबर । संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार काे एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ’बहुजन समाज’ को एकजुट होकर सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथों में लेने की अपील की है।
मायावती ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर का ’आत्म-सम्मान व स्वाभिमान’ का मिशन सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं ले पाने के कारण आज भी अधूरा है। ’बहुजन समाज’ को आज ’संविधान दिवस’ पर सोच-विचार व गंभीर चिन्तन जरूर करना चाहिये।
मायावती ने कहा कि 26 नवम्बर के दिन जब केन्द्र व राज्य सरकारें ’संविधान दिवस’ मना रही हैं तो ’बहुजन समाज’ को, समय-समय पर बाबा साहेब अमर संदेश कि, ’सत्ता वह मास्टर चाबी है जिससे तरक़्क़ी, विकास के तमाम बन्द दरवाज़े खुल जाते हैं’, देश की आज़ादी के इतने लम्बे अर्से के बाद तथा उनके द्वारा बनाये गये बहुजन-हितैषी मानवतावादी व कल्याणकारी संविधान के होने के बावजूद भी, मंज़िल यानि कि दिल्ली की सत्ता दूर क्यों है,
उन्होंने कहा कि केन्द्र में अब तक रही सरकारों ने आरक्षण के संवैधानिक दायित्व समेत ग़रीबी, बेरोज़गारी, शिक्षा, स्वास्थ्य व आत्म-सम्मान आदि की अति-महत्वपूर्ण बुनियादी ज़रूरतों को, क्या ईमानदारी व निष्ठा के साथ निभाया है? इस ज़िम्मेदारी को वास्तव में सही से नहीं निभाया है तो उसका हिसाब-किताब अभी क्यों नहीं?
वैसे भी 26 नवम्बर सन 1949 को तब संविधान की औपचारिक स्वीकृति से ठीक एक दिन पहले, संविधान सभा में अपने समापन भाषण में इन्हीं कुछ ख़ास बातों को लेकर बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर ने यही कहा था कि जातियाँ देश-विरोधी हैं, जातिवाद का परित्याग ज़रूरी है तथा भारत को देश से राष्ट्र में बदलने के लिए ठोस उपाय करने होंगे।
इतना ही नहीं बल्कि केवल राजनीतिक स्वतंत्रता से संतुष्ट नहीं हो जाना चाहिये बल्कि सामाजिक व आर्थिक लोकतंत्र भी देश के सम्पूर्ण व समग्र विकास के लिये ज़रूरी है, जिस समता, समानता एवं बंधुता की बेहतरीन मिसाल बसपा ने प्रदेश में अपने शासनकाल में ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त पर चलकर यहाँ ’सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ का सुखद सूत्रपात किया, मज़बूत बुनियाद डाली है।
मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखण्ड व पंजाब राज्य में विधानसभा आमचुनाव अब काफी नज़दीक है तो बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के संविधान की पवित्र मंशा को सही से ज़मीन पर उतारना ज़रूरी है, जो संकीर्ण, सामंती व जातिवादी पार्टियों की सोच एवं कार्य संस्कृति से नहीं, बल्कि सर्वसमाज का हित एवं उनके जान, माल व मज़हब आदि सुरक्षित रखने की गारण्टी एकमात्र बसपा की तरक्की व उसके द्वारा ’बहुजन समाज’ के उत्थान से ही संभव है।
उन्हाेंने एक्स पर लिखा कि बसपा को ख़ासकर विरोधी पार्टियों, जातिवादी तत्वों व घोर स्वार्थी संगठनों आदि के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि अनेकों प्रकार के हथकण्डों का सामना करते हुये सत्ता की मंज़िल तक पहुंचाना ज़रूरी है, ताकि यहां यूपी में क़ानून द्वारा क़ानून का आयरन राज तथा जनहित, जनकल्याण व विकास के मामलों में भी ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की बेहतरीन हुकूमत यहां फिर से स्थापित हो सके और ग़रीबी, बेरोज़गारी, पिछड़ापन, दुखद पलायन आदि से त्रस्त सर्वसमाज के लोग यहाँ सुख-शान्ति के साथ खुशहाल जीवन बसर कर सकें।
मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के संविधान का कल्याणकारी राज्य का सपना काफी हद तक साकार होगा। आज ’संविधान दिवस’ पर लोगों का यही संकल्प हो तो यह देश व जनहित में होगा।