गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर, बैराज से 3.61 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया
गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर, बैराज से 3.61 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया
कानपुर, 26 अगस्त । कानपुर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कानपुर बैराज पर जलस्तर 114.220 मीटर पहुंच गया है, जो चेतावनी स्तर 114 मीटर से 22 सेंटीमीटर ऊपर है। पिछले दिन के मुकाबले बैराज के जलस्तर में 12 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बैराज से 3,61,440 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
बाढ़ नियंत्रण कार्यालय, एलजीसी की ओर से बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार कानपुर बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर 114.220 मीटर और डाउनस्ट्रीम जलस्तर 114.070 मीटर दर्ज किया गया। बैराज का खतरे का स्तर 115 मीटर निर्धारित है। खतरे के स्तर पर पानी का डिस्चार्ज 5,44,373 क्यूसेक माना गया है। वर्तमान में पानी का बहाव इससे कम है, लेकिन जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर चुका है।
शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.750 मीटर दर्ज किया गया है। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है। शुक्लागंज का जलस्तर भी चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। प्रशासन की ओर से गंगा के जलस्तर और बैराज से छोड़े जा रहे पानी की लगातार निगरानी की जा रही है।
हरिद्वार बैराज से 68,661 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 1,16,512 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इन बैराजों से पानी छोड़े जाने के असर को देखते हुए कानपुर में भी जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। तटवर्ती क्षेत्रों में प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी स्थिति में लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।