काम और संघर्ष से मिली पहचान, समाज के विश्वास का सम्मान : डॉ. संजय निषाद

काम और संघर्ष से मिली पहचान, समाज के विश्वास का सम्मान : डॉ. संजय निषाद

काम और संघर्ष से मिली पहचान, समाज के विश्वास का सम्मान : डॉ. संजय निषाद


प्रयागराज, 18 जुलाई  निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने शनिवार काे कहा कि निषाद समाज में उन्हें जो सम्मान और स्वीकार्यता मिली है, वह वर्षों के संघर्ष, संगठन निर्माण और समाजहित में किए गए कार्यों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केवल दावे करने से नहीं, बल्कि जनसेवा और निरंतर प्रयासों से नेतृत्व स्थापित होता है।

शनिवार को जॉर्जटाउन स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी ने समाज को नई राजनीतिक पहचान दिलाई है। भाजपा के साथ गठबंधन के माध्यम से निषाद समाज की भागीदारी शासन और सत्ता में मजबूत हुई है तथा आज पार्टी के जनप्रतिनिधि सरकार में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निषाद समाज के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, शिक्षा, आवास, विवाह अनुदान और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से मछुआरा, मल्लाह, बिंद सहित समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है।

डॉ. निषाद ने कहा कि गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण युवाओं को आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि समाज का हर युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाकर आगे बढ़े, यही पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन निषाद समाज अब जागरूक है और विकास तथा जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में करीब दो दर्जन लोगों ने निषाद पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को और मजबूती प्रदान की है।

मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों, गरीबों और जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है तथा पारदर्शी व्यवस्था के कारण बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो रही है। उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि किसी भी मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ रही है। राम मंदिर में कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कानून अपना कार्य कर रहा है और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। डॉ. संजय निषाद ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समाज के सहयोग से निषाद पार्टी आने वाले समय में और अधिक मजबूत होगी तथा समाज के विकास और सम्मान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।