पूर्वांचल माटी महोत्सव में बोले ब्रजेश पाठक, ‘माटी हमारे संस्कारों और विचारों की संवाहक’
लखनऊ में नौवें पूर्वांचल माटी महोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन, कवियों को किया गया सम्मानित; उपमुख्यमंत्री ने अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का दिया संदेश
लखनऊ, 10 अक्टूबर ।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को लखनऊ के संगीत नाटक अकादमी परिसर में आयोजित नौवें पूर्वांचल माटी महोत्सव एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि माटी केवल एक शब्द नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति, संस्कारों, विचारधारा और पहचान की संवाहक है। यह हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। हमें देश-दुनिया में कहीं भी रहें, अपनी माटी को सदैव याद रखना चाहिए और अपने कार्यों एवं उपलब्धियों के माध्यम से उसका गौरव बढ़ाना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन की आपाधापी में कई बार हम इतने व्यस्त हो जाते हैं कि अपनी जन्मभूमि, गांव, शहर और उस माटी को याद करने का समय नहीं निकाल पाते, जिसने हमें संस्कार दिए और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। हमारी पहचान हमारी जड़ों से है। हम देश और दुनिया के किसी भी कोने में कार्य करें, लेकिन अपनी माटी का प्रतिनिधित्व करना कभी नहीं भूलना चाहिए। हमारी सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उस मिट्टी के संस्कारों और सामर्थ्य का भी परिचायक है, जहां हमारा जन्म हुआ है।
उत्तर प्रदेश की माटी ने दिए अनेक महापुरुष
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश की माटी ने देश को अनेक महापुरुष, संत, विचारक, साहित्यकार, कलाकार और प्रतिभाशाली व्यक्तित्व दिए हैं। प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा से देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। आज उत्तर प्रदेश का युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पूर्वांचल माटी महोत्सव’ जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, प्रतिभाओं को सम्मानित करने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन उन लोगों के योगदान को पहचान दिलाते हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, संघर्ष और समर्पण से समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन किया है। अपनी माटी के प्रति सम्मान का भाव हमारी भावी पीढ़ियों में भी विकसित होना चाहिए, ताकि वे आधुनिकता के साथ अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को भी आत्मसात कर सकें।
कार्यक्रम में कविजन प्रशांत पांडे, राजकुमार सिंह, अशोक टाकरी, आलोक अनिल, पंकज प्रसून, सतेन्द्र कुमार कुंतल, हसन काज़मी, बृजनाथ यादव को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्वांचल माटी महोत्सव के संयोजक आसिफ आज़मी, ज्ञान प्रकाश सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, बनारस रॉयल फैमिली के प्रदीप नारायण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार प्रतीक त्रिवेदी, प्रदीप सिंह बब्बू, आनंद स्वरूप अग्रवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।