बहराइच की बेटी अवंतिका मिश्रा का युवा संसद में चयन, विधानसभा में रखेंगी जिले की आवाज

'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत के लिए' विषय पर रखेंगी विचार; विकसित भारत युवा संसद में प्रभावशाली वक्तव्य के बाद मिला विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर।

बहराइच की बेटी अवंतिका मिश्रा का युवा संसद में चयन, विधानसभा में रखेंगी जिले की आवाज

बहराइच, 25 नवंबर । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की होनहार बेटी अवंतिका मिश्रा ने अपनी प्रतिभा और वक्तत्व कला के दम पर बहराइच का गौरव बढ़ाया है। विकसित भारत युवा संसद में प्रभावशाली वक्तव्य देने के बाद अवंतिका का चयन विधानसभा में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। अब वह विधानसभा में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत के लिए’ विषय पर अपने विचार रखेंगी। यह दूसरा अवसर होगा, जब उन्हें विधानसभा के मंच पर अपनी बात रखने का मौका मिलेगा।

एमवाई भारत बहराइच के तत्वावधान में आयोजित युवा संसद में अवंतिका ने नशामुक्त युवा और विकसित भारत के विषय पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए थे। उनके वक्तव्य और प्रस्तुति से प्रभावित होकर उनका चयन विधानसभा में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से परिवार और जिले में खुशी का माहौल है।

अवंतिका नानपारा तहसील निवासी अनुपम कुमार मिश्रा की बेटी हैं। वह इससे पहले विश्वविद्यालय और प्रदेश स्तर पर आयोजित वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। लगातार मिल रही सफलताओं के बीच विधानसभा के लिए उनका चयन एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

अवंतिका की इस सफलता पर परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी उपलब्धि से जिले की अन्य युवतियों को भी आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के दम पर नई पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी।