झांसी में पानी की 2,151 बोतलें सीज, दूसरे जिले के लाइसेंस पर हो रही थी पैकिंग

खाद्य सुरक्षा विभाग ने पाली पहाड़ी स्थित श्री बालाजी बेवरेज पर की छापेमारी; बिसरोली ब्रांड की दो लीटर वाली बोतलों के नमूने लेकर नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू।

झांसी में पानी की 2,151 बोतलें सीज, दूसरे जिले के लाइसेंस पर हो रही थी पैकिंग

झांसी, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने छापेमारी की कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पाली पहाड़ी स्थित श्री बालाजी बेवरेज के प्रतिष्ठान पर छापा मारकर बिसरोली ब्रांड की दो लीटर वाली 2151 पानी की बोतलें सीज कर दीं। जांच में सामने आया कि इन बोतलों की पैकिंग झांसी के खाद्य लाइसेंस के बजाय ललितपुर जनपद के लाइसेंस पर की जा रही थी। टीम ने पानी की बोतलों के नमूने संग्रहित कर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम लगातार मिठाई की दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट वेंडरों के यहां जांच कर खाद्य पदार्थों के नमूने ले रही है। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाना है।

सहायक आयुक्त खाद्य एवं अभिहित अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि 'जागरूकता अभियान एवं एफडीए आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत बुधवार को यूनिवर्सिटी क्षेत्र में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स मोबाइल लैब वैन के माध्यम से लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मोबाइल प्रयोगशाला के जरिए खाद्य पदार्थों की जांच कर उपभोक्ताओं को सुरक्षित और असुरक्षित खाद्य सामग्री की पहचान की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही खाद्य कारोबारियों के यहां डोम-24 उपकरण से खाद्य पदार्थ तलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उबलते तेल की गुणवत्ता की जांच की गई। कारोबारियों को मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाले तेल का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई। पवन कुमार ने बताया कि सभी खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण अनिवार्य है। बिना लाइसेंस कारोबार करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत छह माह तक की सजा और पांच लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायत टोल फ्री नंबर 18001805533 अथवा विभागीय एप पर की जा सकती है। झांसी से संबंधित शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 9368414711 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्रवाई के दौरान सत्यम भारती, सुनील कुमार, झंकार सिंह, सैनिक सिंह, ज्ञानेंद्र पाल सिंह चंदेल और जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।