पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
औरैया, 03 मई । उत्तर प्रदेश औरैया जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिधूना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। कन्नौज-औरैया सीमा पर गपचरिया पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें तीन शातिर अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।
अपर अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया गया कि पुलिस के रुकने के इशारे पर बदमाश भागने लगे, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलने से गिर पड़े। घिरने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।
घायलों की पहचान जितेंद्र उर्फ मोटा और राज कपूर के रूप में हुई है, जबकि तीसरे आरोपी प्रदीप को मौके से गिरफ्तार किया गया। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी बिधूना भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने 27 अप्रैल को एक वृद्ध से 50 हजार रुपये की ठगी की वारदात कबूल की। वे लोगों को लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठाकर रास्ते में जेब काट लेते थे। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।