प्रयागराज में आयोजित 29वीं सीनियर यूपी एथलेटिक चैंपियनशिप में हाथरस के सुखवीर ने दौड़ में जीता सिल्वर मेडल
प्रयागराज में आयोजित 29वीं सीनियर यूपी एथलेटिक चैंपियनशिप में हाथरस के सुखवीर ने दौड़ में जीता सिल्वर मेडल
हाथरस, 09 मई । प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में 7 और 8 मई को आयोजित 29वीं सीनियर यूपी एथलेटिक चैंपियनशिप में हाथरस जिले के सुखवीर ने 1500 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीता।
गांव ककोड़ी निवासी सुखवीर पुत्र वीरपाल ने यह दौड़ 4 मिनट 1 सेकंड में पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से उन्होंने हाथरस जिले और अपने गांव का नाम रोशन किया है।
सुखवीर की इस सफलता के बाद उनके पैतृक गांव ककोड़ी में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद, सुखवीर ने सीमित संसाधनों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर अजरूद्दीन फौजी ने शनिवार को हाथरस जिले में खेल सुविधाओं की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें बेहतर खेल मैदान और प्रशिक्षित कोचों के अभाव में कठिन परिस्थितियों में अभ्यास करना पड़ता है। इसके बावजूद, खिलाड़ी अपनी मेहनत से प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
फौजी ने जिला एथलेटिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों पर खिलाड़ियों को अपेक्षित सहयोग न देने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, स्टेट ट्रायल केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं और खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन व सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने जोर दिया कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। सुखवीर की इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और उन्हें बधाई दी। इस मौके पर मोहन सिंह आर्य, धर्मवीर सिंह, ओमवीर सिंह, अजरूद्दीन फौजी, मौसम शर्मा, सूरजपाल सिंह, कन्हैया लाल, संजय और नीरज सहित कई ग्रामीण व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।