सड़क हादसे में सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव की मौत, तीन साथी घायल

सड़क हादसे में सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव की मौत, तीन साथी घायल

सड़क हादसे में सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव की मौत, तीन साथी घायल

प्रयागराज, 04 जून  उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अनियंत्रित कार एक पेड़ से भिड़ गई। हादसे में समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव रत्नेश यादव की मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनके तीन साथी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में हंडिया क्षेत्र के दमदम गांव निवासी रत्नेश यादव प्रिंटिंग प्रेस का संचालन करते थे और समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी में प्रदेश सचिव थे। बुधवार रात वह अपने तीन दोस्तों के साथ प्रेस से निकलकर सिविल लाइंस क्षेत्र में भोजन करने गए थे। जहां से खाना खाने के बाद सभी लोग कार से वापस घर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे दोसा प्लाजा चौराहे के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय रत्नेश यादव चालक के बगल वाली सीट पर बैठे थे।

घटना की सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस टीम ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने रत्नेश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार में सवार अन्य तीन लोगों को चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। डीसीपी नगर ने बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में कार के पेड़ से टकराने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। दुर्घटना में रत्नेश यादव की मृत्यु हो गई है, जबकि अन्य घायल व्यक्तियों का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।