गोल्डी बराड़ गैंग के हमले के बाद बढ़ी सुरक्षा: दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी को मिला शस्त्र लाइसेंस
गोल्डी बराड़ गैंग के हमले के बाद बढ़ी सुरक्षा: दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी को मिला शस्त्र लाइसेंस
बरेली, 16 नवंबर । बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के करीब दो महीने बाद प्रशासन ने बड़े कदम के तौर पर उनके पिता और रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी को फायर आर्म लाइसेंस जारी कर दिया है। डीएम अवनीश सिंह ने सभी जांच-पड़ताल पूरी होने के बाद रिवॉल्वर/पिस्टल का लाइसेंस मंजूर किया।
11-12 सितंबर की रात बाइक सवार बदमाशों ने बारादरी इलाके में पाटनी परिवार के घर पर 10 राउंड तक फायरिंग की थी। उस समय घर में दिशा की बहन पूर्व आर्मी अफसर खुशबू पाटनी, माता-पिता और परिजन मौजूद थे। फायरिंग के दौरान जब जगदीश पाटनी बालकनी में पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी गोलियां चलाईं। उन्होंने फर्श पर लेटकर जान बचाई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद होकर वायरल हुई थी।
हमले की जिम्मेदारी कुख्यात रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया पर ली, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि कथावाचक अनिरुद्धाचार्य पर खुशबू पाटनी की टिप्पणी से नाराज होकर हमला किया गया। खुशबू ने कुछ समय पहले एक वीडियो में कथावाचक के विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।
वारदात के बाद से पाटनी परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस निगरानी लगातार जारी है। अब शस्त्र लाइसेंस मिलने के बाद जगदीश पाटनी खुद को कुछ हद तक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं, हालांकि परिवार के चेहरों पर हमले का डर अभी भी साफ दिखाई देता है।
डीएम अवनीश सिंह ने कहा, “यह मामला संवेदनशील था। सुरक्षा का मूल्यांकन, पुलिस रिपोर्ट और सभी जरूरी सत्यापन के बाद लाइसेंस स्वीकृत किया गया है। परिवार की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।”