मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं
जनप्रतिनिधियों और अफसरों से गरीबों के साथ दीपोत्सव मनाने की अपील

लखनऊ, 02 नवम्बर। इस बार उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और सरकारी अफसर कर्मचारी जरूरतमंदों के साथ दीपावली मनाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जनप्रतिनिधियों, सरकारी अफसरों और कर्मचारियों से गरीबों के साथ दिवाली पर्व मनाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा कि मिल-जुलकर खुशियां बांटने से पर्व का उल्लास बढ़ जाता है। इसके दृष्टिगत उन्होंने जनप्रतिनिधियों सहित प्रदेश सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों से दीपावली पर समाज के निर्धन और कमजोर वर्ग के लोगों के साथ पर्व की खुशियों में शामिल होने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा दीपावली पर केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों सहित अन्य जरूरतमंदों के आवास पर पहुंचकर दीप जलाने तथा मिष्ठान वितरित किये जाने से समाज के सभी लोगों के लिए दीपावली का यह पर्व विशेष हो जाएगा।