अयाेध्या में ग्रामीण इलाकों की चमकेंगी प्रतिभाएं, गांवों में ओपन जिम व स्टेडियम निर्माण की तैयारी
ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक स्टेडियम बनाकर युवाओं को दी जाएंगी सुविधाएं सरकार का लक्ष्य अयोध्या को आस्था के साथ खेल और युवा सशक्तिकरण का केंद्र बनाना
अयोध्या, 16 फ़रवरी । अयोध्या के ग्रामीण इलाकों की खेल सुविधाओं में अब बड़ा परिवर्तन दिखने जा रहा है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ युवाओं के खेल और शारीरिक विकास पर विशेष जोर देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में ओपन जिम और आधुनिक स्टेडियम निर्माण की व्यापक योजना बनाई है। इस कदम से अयोध्या के गांवों में छिपी प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा और युवा स्थानीय स्तर पर ही विश्वस्तरीय अभ्यास कर सकेंगे।
जिले के ग्रामीण इलाकों में ओपन जिम और मिनी स्टेडियम बनाने की तैयारी जोरों पर है। प्रशासन द्वारा 11 विकासखंड में भूमि चिह्नित करने का कार्य शुरू हो चुका है। विभिन्न ग्राम पंचायतों में उपयुक्त जगहों की पहचान की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके। ये सुविधाएं ग्रामीण युवाओं को शहरों की ओर जाने की मजबूरी से बचाएंगी और उन्हें घर के पास ही अभ्यास का मौका देंगी।
बजट में 130 करोड़ की योजना है प्रस्तावित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने खेल को युवा सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम माना है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए खेल सुविधाओं पर विशेष प्रावधान किया गया है। राज्य स्तर पर ग्रामीण स्टेडियम और ओपन जिम निर्माण के लिए 130 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित की गई है। यह राशि पूरे प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उपयोग की जाएगी, जिसमें अयोध्या के गांव भी प्रमुखता से शामिल होंगे।
खेल गतिविधियों के लिए आदर्श साबित होंगे स्टेडियम
सरकार का लक्ष्य है कि अयोध्या को आस्था का केंद्र के साथ-साथ खेल और युवा सशक्तिकरण का भी प्रमुख हब बने। राम नगरी के रूप में विश्व प्रसिद्ध होने के साथ ही यहां के युवा खेल के मैदान में भी नई ऊंचाइयां छू सकें। ओपन जिम से आम ग्रामीण युवा फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग में रुचि ले सकेंगे, जबकि मिनी स्टेडियम, क्रिकेट, फुटबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स जैसी खेल गतिविधियों के लिए आदर्श साबित होंगे। यह योजना ‘कैच देम यंग’ की भावना से जुड़ी हुई है, जिसके तहत बचपन से ही प्रतिभाओं को पकड़कर उन्हें निखारा जाता है।
जल्द ही चिन्हांकन का काम शुरू होगा
मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि जिले के ग्रामीण युवा अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। भूमि चिह्नांकन के बाद जल्द ही निर्माण एजेंसियां काम शुरू करेंगी। इससे न केवल युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। गांवों में खेल के मैदान और जिम बनने से पर्यटन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
अब युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका
रुदौली विधानसभा क्षेत्र बिड़हार गांव निवासी अजय तिवारी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में ऐसी आधुनिक सुविधाएं आने से हमारे जैसे युवाओं को बड़ा मौका मिलेगा। प्रतिभा होने के बावजूद संसाधनों की कमी से पीछे रह जाते थे, अब घर के पास ही क्रिकेट, कुश्ती या फुटबॉल का प्रैक्टिस कर सकेंगे। सरकार का 130 करोड़ का प्रावधान देखकर लगता है कि अब गांव के बच्चे भी देश-विदेश में नाम कमाएंगे।
युवाओं के लिए गेम चेंजर साबित होगी योजना
मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के किनौली गांव निवासी मुकुल श्रीवास्तव काफी उत्साहित हैं उनका कहना है कि गांव में मिनी स्टेडियम लगभग तैयार होना बड़ा तोहफा जैसा है। ओपन जिम भी बड़ी सौगात होगी। पहले हम लोग सिर्फ गांव के पुराने मैदान पर खेलते थे, लेकिन अब आधुनिक सुविधाओं से ट्रेनिंग मिलेगी। क्रिकेट और एथलेटिक्स में मेरी रुचि है, अब मैं नियमित अभ्यास करके राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकूंगा। यह सुविधाएं गांव के हर युवा के लिए गेम चेंजर साबित होंगी।