ऐतिहासिक बटलर झील में खुलेगा ‘आईलैंड कैफे’

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्थल निरीक्षण कर दिये निर्देश

लखनऊ, 31 जनवरी। ऐतिहासिक बटलर झील के बीच बने आईलैंड में कैफेटेरिया खुलेगा। इसका नाम आईलैंड कैफे होगा। लोग पेडेस्ट्रियन ब्रिज के रास्ते इस कैफे में जाकर प्राकृतिक सुदंरता के बीच लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को स्थल निरीक्षण करके इस बाबत आदेश जारी किये हैं।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण ने बटलर झील के संवर्द्धन व सौंदर्यीकरण का कार्य कराया है। झील के बीचों-बीच आईलैंड विकसित किया गया है, जिसमें 01 कैफेटेरिया बनाया गया है। 15 दिन के अंदर यहां आईलैंड कैफे संचालित करने के निर्देश दिये गये हैं। यहां लोग प्राकृतिक सुंदरता के बीच अपने परिवार के साथ बेहतर समय बिता सकेंगे। इसके अलावा बटलर पैलेस में कराये जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया गया। अप्रैल, 2026 तक कैफेटेरिया बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं, प्रथम तल पर कराये जा रहे जीर्णोद्धार एवं फसाड अपलिफ्टमेंट के कार्य जुलाई माह तक पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा पैलेस के पिछले हिस्से में स्थित लॉन में लैंडस्केपिंग व हॉर्टीकल्चर के कार्य कराने के निर्देश दिये गये हैं।

पार्कों में इस्तेमाल होगी पुरानी रेलिंग व पोल

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने हजरतगंज में फसाड कंट्रोल गाइडलाइन के अंतर्गत कराये जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिये कि हजरतगंज में बदली जा रही पुरानी रेलिंग व बिजली के खम्भों को प्राधिकरण की आवासीय योजनाओं में विकसित किये जा रहे पार्कों व ग्रीन बेल्ट में इस्तेमाल किया जाए। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ व्यापारियों ने दुकानों के पुराने साइनेज बोर्ड नहीं हटाए हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि व्यापारियों से वार्ता करके पुराने बोर्ड हटाकर निर्धारित कलर कोड व साइज के नये साइनेज बोर्ड लगवाये जाएं।