प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ लडूंगा चुनाव: अलंकार अग्निहोत्री
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ लडूंगा चुनाव: अलंकार अग्निहोत्री
देवरिया, 16 फ़रवरी । समान न्याय संघर्ष समिति ने सोमवार को महारानी चंडिका छात्रावास परिसर में एक महा पंचायत का आयोजन किया। इस दौरान सामाजिक न्याय, शिक्षा व्यवस्था, आरक्षण नीति और संवैधानिक अधिकारों जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। महापंचायत में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री भी शामिल हुए। उन्होंने वर्ष 2029 में होने वाली लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन और समान न्याय की लड़ाई का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि देश में शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर व्यापक संवाद और जनजागरण की आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने यूजीसी की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान नीतियां छात्रों और शिक्षण संस्थानों के हितों के अनुरूप नहीं हैं।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समान अवसर और शैक्षणिक स्वायत्तता सुनिश्चित करने की मांग की। अलंकार अग्निहोत्री ने उपस्थित लोगों से इस संघर्ष में सहभागी बनने और आंदोलन को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी समिति के उद्देश्यों को विस्तार से बताते हुए कहा कि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक न्याय, समान अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया ।---------------