प्रेमिका के घर रंगेहाथ पकड़ा गया पति, पत्नी ने चप्पलों से पीटा, फिर पहुंचा जेल
प्रेमिका के घर रंगेहाथ पकड़ा गया पति, पत्नी ने चप्पलों से पीटा, फिर पहुंचा जेल
मीरजापुर, 01 फ़रवरी । राजगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक प्रेम प्रसंग उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब प्रेमिका से मिलने पहुंचे पति को उसकी पत्नी ने रंगेहाथ पकड़ लिया। गुस्से से आगबबूला पत्नी ने पहले लात-घूंसे और चप्पलों से पति की जमकर पिटाई की, फिर पुलिस को सौंप दिया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के एक गांव निवासी 42 वर्षीय युवक का दूसरे गांव की एक विधवा महिला से लंबे समय से प्रेम संबंध था। शनिवार रात युवक ने पत्नी से बहाना बनाकर कहा कि वह बहन के घर जा रहा है, लेकिन वहां जाने के बजाय प्रेमिका के घर पहुंच गया। कुछ देर बाद पत्नी ने जब बहन के घर फोन किया तो सच्चाई सामने आ गई। शक गहराते ही पत्नी अपने बेटे को साथ लेकर सीधे प्रेमिका के घर पहुंच गई।
घर के अंदर पति को प्रेमिका के साथ सोता देख पत्नी के सब्र का बांध टूट गया। मौके पर ही उसने पति की पिटाई कर दी और पीआरबी 112 पर सूचना दी । पुलिस पहुंची और युवक को राजगढ़ थाने ले गई। वहां पत्नी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है।