लखनऊ अमाैसी एयरपाेर्ट के लेबर कैंप में लगी आग
लखनऊ अमाैसी एयरपाेर्ट के लेबर कैंप में लगी आग
लखनऊ, 06 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर मंगलवार सुबह लेबर कैंप में आग लग गई। आग की सूचना पर दमकल की लगभग छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
फायर स्टेशन प्रभारी सुमित सिंह के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में आग लगी है, वह टर्मिनल से कुछ दूरी पर है। धुआं देखकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग को बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट परिसर की इस बिल्डिंग में करीब 33 छोटे कमरे हैं और उसमें मजदूर रहते हैं, हालांकि वे सभी परिसर में एक होटल निर्माण का कार्य कर रहे हैं। उनके लिए अस्थायी तौर पर पीवीसी से बनाया गया था।
सीतापुर निवासी रामपाल ने बताया कि रात्रि ड्यूटी पर थे। इसी दौरान नीचे वाले फ्लोर पर आग लग गई। देखते ही देखते कमरे में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। बिहार का एक मजदूर आग बुझाने के दौरान मामूली रूप से झुलस गया है। प्रतापगढ़ निवासी राहुल कुमार दूसरी मंजिल से कूदने से चोटिल हो गया है, दोनों का इलाज कृष्णानगर के एक अस्पताल में चल रहा है।