पंचगंगा घाट से शुरू हुई काशी की देव दीपावली ने पाया वैश्विक स्वरूप, 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे गंगा के घाट
पंचगंगा घाट से शुरू हुई काशी की देव दीपावली ने पाया वैश्विक स्वरूप, 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे गंगा के घाट
वाराणसी, 19 नवंबर। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी की देव दीपावली अब स्थानीय परंपरा से निकलकर वैश्विक पहचान हासिल कर चुकी है। पंचगंगा घाट से शुरू हुआ यह अनूठा दीपोत्सव आज काशी की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का विश्वविख्यात प्रतीक बन गया है। हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा के घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी ऐसी अलौकिक छटा बिखेरती है, मानो देवलोक स्वयं धरती पर उतर आया हो। इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पूर्व में शामिल हो चुके हैं। इस बार भी देश-विदेश के लोगों की निगाहें काशी की देव दीपावली पर टिकी हैं।
पंचगंगा घाट से शुरू हुई परंपरा, दक्षिण भारतीय ब्राह्मणों से मिली प्रेरणा
काशी के पुरनियों के अनुसार देव दीपावली की शुरुआत पंचगंगा घाट से हुई थी। शुरुआती दौर में स्थानीय लोगों के सहयोग से घाट पर दीप जलाए जाते थे। पंचगंगा घाट, दुर्गाघाट और बिंदु माधव मंदिर की सीढ़ियों पर वर्षों से दक्षिण भारतीय ब्राह्मणों को दीप प्रज्ज्वलित करते देखकर मां मंगला गौरी मंदिर के महंत नारायण गुरु ने इस परंपरा को व्यापक स्वरूप देने का प्रयास किया।
काशी के चौक क्षेत्र के राजमंदिर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार प्रवीण तिवारी 'गुड्डू' बताते हैं कि वर्ष 1984 में नारायण गुरु ने इन घाटों पर देव दीपावली की परंपरा को व्यवस्थित रूप देने की पहल की। वर्ष 1985 में केंद्रीय देव दीपावली समिति के गठन के साथ इस आयोजन को वृहद स्वरूप मिला। इसमें दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि के संस्थापक स्वर्गीय सत्येन्द्र मिश्र और प्राचीन शीतला घाट पर गंगोत्री सेवा समिति के अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे उर्फ बाबू महाराज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देव दीपावली की भव्यता बढ़ाने में काशी की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
काशी में देव दीपावली को स्थापित करने में रानी अहिल्याबाई होलकर की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उन्होंने पंचगंगा घाट पर पत्थरों से निर्मित भव्य 'हजारा दीपस्तंभ' स्थापित कराया था। इस दीपस्तंभ पर एक साथ 1001 से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जा सकते हैं। दीपों से जगमगाता यह ऐतिहासिक स्तंभ गंगा के तट पर अद्भुत स्वर्णिम आभा बिखेरता है। इसकी रोशनी में पंचगंगा घाट का दृश्य किसी दिव्य लोक जैसा प्रतीत होता है। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। वर्ष 1986 में पूर्व काशी नरेश स्वर्गीय डॉ. विभूति नारायण सिंह ने पंचगंगा घाट पर हजारा दीपस्तंभ में दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली को विधिवत भव्य आयोजन का स्वरूप प्रदान किया।
कुंडों, तालाबों और मंदिरों तक पहुंचा दीपोत्सव
देव दीपावली को केवल गंगा घाटों तक सीमित न रखकर पूरे शहर का उत्सव बनाने की दिशा में भी प्रयास हुए। केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के तत्कालीन अध्यक्ष स्वर्गीय पं. वागीश दत्त मिश्र ने इस परंपरा को विस्तार देने में अहम योगदान दिया। महासमिति के पदाधिकारियों ने शहर के कुंडों और तालाबों पर भी दीपोत्सव आयोजित करने की पहल की, ताकि गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ का दबाव कम हो और अधिक से अधिक लोग इस उत्सव से जुड़ सकें। वर्ष 1995 के बाद देव दीपावली को व्यापक जनसमर्थन मिला। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी शुरू कर दी। देखते ही देखते यह आयोजन काशी की पहचान बनकर देश-दुनिया में प्रसिद्ध हो गया।
त्रिपुरासुर वध से जुड़ी है देव दीपावली की पौराणिक मान्यता
काशी की देव दीपावली का धार्मिक महत्व भी बेहद खास है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक अत्याचारी राक्षस का वध कर तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्त कराया था। इसके बाद देवताओं ने भगवान शिव की विजय की खुशी में दीपोत्सव मनाया। तभी से कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई।
एक अन्य पौराणिक कथा महर्षि विश्वामित्र और त्रिशंकु से जुड़ी है। कथा के अनुसार महर्षि विश्वामित्र ने अपने तपोबल से त्रिशंकु को सशरीर स्वर्ग भेजने का प्रयास किया था। इससे नाराज देवताओं ने त्रिशंकु को वापस पृथ्वी पर भेजना चाहा लेकिन विश्वामित्र ने उन्हें आकाश में ही रोक दिया और नई सृष्टि तथा स्वर्ग की रचना शुरू कर दी। बाद में देवताओं के अनुरोध पर महर्षि ने यह कार्य रोक दिया। इससे प्रसन्न देवताओं ने दीपोत्सव मनाया। इस वर्ष 24 नवंबर को मनाई जाने वाली देव दीपावली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की गई हैं। आयोजन के दौरान काशी के गंगा घाटों पर करीब 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाने की तैयारी है। दीपों की रोशनी से घाटों को सजाने के साथ भव्य गंगा आरती, लेजर शो, आतिशबाजी, ड्रोन शो और गंगा महोत्सव सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण 2,100 स्वदेशी ड्रोन का शो होगा। लाखों दीपों की जगमगाहट के बीच आसमान में ये ड्रोन भगवान भोलेनाथ, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ की भव्य आकृतियां उकेरेंगे। लगभग 15 मिनट के इस हाईटेक शो में संगीत और आवाज के समन्वय से काशी की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत किया जाएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस ड्रोन शो की थीम 'देव दीपावली' पर आधारित होगी। इसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण के दृश्य आसमान में साकार होंगे।