टोल प्लाजा पर दूसरे दिन भी किसान का धरना
टोल प्लाजा पर दूसरे दिन भी किसान का धरना
बिजनौर, 30 जून (हि.स.)| बिजनौर नजीबाबाद हाईवे स्थित बनेड़ा टोल प्लाजा पर किसानों का धरना सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। मालूम हो कि टोलकर्मियों के अभद्र व्यवहार के विरोध में किसान टोल प्लाजा पर 29 जून रविवार से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कारण टोल प्लाजा पर वसूली भी बंद है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के प्रदेश उपाध्यक्ष बाबूराम तोमर ने बताया कि टोल कर्मियों द्वारा आमजन और किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों से जबरन टोल वसूली की जा रही है। टोल प्लाजा पर सुविधाओं का अभाव है। किसान नेता ने टोल प्लाजा मैनेजर पर दबंगई दिखाने का भी आरोप लगाया है। नेशनल हाईवे के इंजीनियर आशीष शर्मा से किसानों की रविवार को हुई वार्ता विफल होने के बाद दूसरे दिन भी धरना जारी है।