बारिश की हर बूंद बनेगी भविष्य का संबल : गणेश केसरवानी
पी.डी. टण्डन पार्क से शुरू हुआ जल संरक्षण अभियान, निष्क्रिय नलकूपों पर लगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
प्रयागराज, 04 मई । तेजी से बढ़ते शहरीकरण और गिरते भूजल स्तर के बीच वर्षा जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। यह बातें सोमवार को प्रयागराज नगर निगम के महापौर गणेश केसरवानी ने कही। वे निगम के जल कल विभाग द्वारा निष्क्रिय नलकूप बोर पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की परियोजना का शुभारंभ पी.डी. टण्डन पार्क स्थित जोनल पंपिंग स्टेशन परिसर में विधिवत लोकार्पण करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि निष्क्रिय पड़े नलकूपों का उपयोग वर्षा जल के पुनर्भरण के लिए करना एक दूरदर्शी और पर्यावरण हितैषी कदम है, जिससे शहर में जल संकट की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। नगर निगम ने इस योजना के तहत पूरे शहर में 100 स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है। इन आधुनिक प्रणालियों के जरिए वर्षा जल को संरक्षित कर सीधे भूगर्भ में पहुंचाया जाएगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा और भविष्य में पेयजल की उपलब्धता अधिक स्थायी और मजबूत बनेगी।
“बारिश की हर बूंद अब भविष्य का संबल बनेगी।” इसी संदेश के साथ गणेश केसरवानी ने शहर में जल संरक्षण की एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की। नगर निगम प्रयागराज के जल कल विभाग द्वारा निष्क्रिय नलकूप बोर पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की परियोजना का शुभारंभ पी.डी. टण्डन पार्क स्थित जोनल पंपिंग स्टेशन परिसर में विधिवत लोकार्पण के साथ किया गया।
कार्यक्रम में पार्षद बबलू रघुवंशी, अमित सिंह, पंकज जायसवाल, अमन केसरवानी, विवेक अग्रवाल, हिमालय सोनकर सहित जल कल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव और अवर अभियंता शिवम मिश्रा भी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को जनहित में बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए इसके व्यापक क्रियान्वयन पर जोर दिया।