प्रयागराज में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
प्रयागराज में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
प्रयागराज, 25 जून । नवाबगंज थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव के समीप बुधवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को नवाबगंज थाने को रेलवे अधिकारियों से सूचना मिली कि भैरोपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त (एसीपी) गंगानगर, पुष्कर वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शव का सिर और पैर गायब हैं, जिससे हत्या की आशंका गहरा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। पुलिस आसपास के गांवों में भी पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।