हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला ओटी टेक्नीशियन छात्र का शव
हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला ओटी टेक्नीशियन छात्र का शव
कानपुर, 23 मई। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हॉस्टल में रह रहे ओटी टेक्नीशियन छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मूलरूप से इटावा जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र स्थित मीरपुर गांव निवासी रजत (19) कल्याणपुर कला स्थित एक निजी हॉस्टल में रहकर ओटी टेक्नीशियन द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर साथी छात्रों को शक हुआ। एक छात्र ने कमरे का दरवाजा खुला देखा तो अंदर रजत का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर वहां मौजूद छात्रों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
साथ में रहने वाले छात्रों ने पुलिस को बताया कि देर रात तक रजत सामान्य व्यवहार कर रहा था और उसने किसी तरह की परेशानी भी जाहिर नहीं की थी। देर रात वह पास के खाली कमरे में चला गया, जहां उसने यह कदम उठा लिया। मौके पर पहुंची कल्याणपुर थाना पुलिस ने जांच पड़ताल के साथ फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए।
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।--