संपत्ति विवाद में पिता ने अपने 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर शव को तालाब में फेंका, गिरफ्तार
संपत्ति विवाद में पिता ने अपने 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर शव को तालाब में फेंका, गिरफ्तार
नोएडा, 08 मई । नोएडा के थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गांव से लापता हुए एक 13 वर्षीय बच्चे का शव शुक्रवार को एक तालाब में मिला है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे के पिता को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि बच्चों के पिता ने अपने बेटे की हत्या कर अपने परिवार के अन्य लोगों को उसकी हत्या के मामले में बहुत फंसाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सिरसा गांव में रहने वाले मोहित भाटी ने 7 मई को थाना कासना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 13 वर्षीय भतीजा सुधांशु उर्फ समर पुत्र प्रदीप 6 मई की रात से घर से लापता है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व आसपास के लोगों से जानकारी की तो पता चला कि लड़का अपने पिता के साथ कार में सवार होकर गया था। उन्होंने बताया कि शक होने पर पुलिस ने लड़के के पिता को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने अपने बेटे को ग्राम गुलिस्तानपुर में दोस्त के यहां रखा हुआ है। जब पुलिस वहां गई तो बच्चा नहीं मिला। वह पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा।
उन्होंने बताया कि आज पुलिस ने लापता बच्चे का शव ग्राम सिरसा के पास बने एक तालाब से बरामद किया है। उन्होंने बताया कि जब बच्चे के पिता से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि उसने अपने बेटे की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया था। प्रॉपर्टी के विवाद में अपने परिवार के अन्य लोगों की फंसाने की नीयत से उसने अपने बेटे की खुद हत्या की थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।