कांवड़ मेला खत्म होते ही हरिद्वार में चलेगा सफाई अभियान, 12 से 18 अगस्त तक होगी विशेष सफाई
कांवड़ मेला खत्म होते ही हरिद्वार में चलेगा सफाई अभियान, 12 से 18 अगस्त तक होगी विशेष सफाई
हरिद्वार, 11 अगस्त। कांवड़ मेला के सकुशल समापन के बाद अब हरिद्वार को साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में 12 से 18 अगस्त तक पूरे जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा घाटों, कांवड़ मार्गों, पार्किंग स्थलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा जमा हुआ है। इसे हटाने के लिए नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत और ग्राम पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को सफाई के साथ-साथ कूड़े के उचित निस्तारण और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने इस अभियान में सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडल, औद्योगिक इकाइयों, जनप्रतिनिधियों, संत समाज और आम लोगों से भी बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।
अधिकारियों का कहना है कि हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही कांवड़ मेले के बाद धर्मनगरी को फिर से साफ-सुथरा बनाया जा सकेगा।